फतेहाबाद: हरियाणा एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने मंगलवार को फतेहाबाद कोर्ट परिसर में कार्रवाई करते हुए भट्टू थाना में तैनात एएसआई रामपाल को ₹20 हजार की कथित रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। आरोपी पर एक आपराधिक मामले में गवाही से संबंधित कार्य के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसीबी अधिकारियों के अनुसार, गांव दहमान निवासी सुरेश कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके खिलाफ दर्ज आर्म्स एक्ट और बीएनएस की धारा 309 के मामले में गवाही से जुड़े कार्य के लिए एएसआई ने ₹30 हजार की मांग की थी। बातचीत के बाद कथित तौर पर ₹20 हजार में सहमति बनी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने आरोपों का सत्यापन कर कार्रवाई की योजना तैयार की।
कोर्ट परिसर में की गई कार्रवाई
मंगलवार को शिकायतकर्ता तय योजना के अनुसार फतेहाबाद कोर्ट परिसर पहुंचा। जैसे ही आरोपी ने ₹20 हजार की राशि अपने कब्जे में ली, पहले से मौजूद एसीबी टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपी को पूछताछ के लिए अपने साथ ले जाया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।
एक माह में दूसरी कार्रवाई
गौरतलब है कि करीब एक माह पहले भी भट्टू थाना में तैनात एक अन्य एएसआई पर रिश्वत मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो ने कार्रवाई की थी। एक ही थाना के दो पुलिसकर्मियों पर कम समय में हुई कार्रवाई से पुलिस विभाग में भी चर्चा का माहौल है।
https://www.facebook.com/share/v/1PqPzhw4rM/








