राजस्थान में भीषण सड़क हादसा, एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत

SHARE:

राजस्थान में भीषण सड़क हादसा: खड़े ट्रक में घुसी क्रूजर, एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत

 

कोटा। राजस्थान के कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे पर रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शंभूपुरा गांव के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक में तेज रफ्तार क्रूजर गाड़ी पीछे से जा घुसी। इस हादसे में महाराष्ट्र के एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 लोग घायल हो गए। मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।

 

रात करीब 1 बजे हुआ हादसा

 

जानकारी के अनुसार, हादसा नाता थाना क्षेत्र के शंभूपुरा गांव के पास रात करीब 1 बजे हुआ। क्रूजर में सवार लोग खाटूश्यामजी के दर्शन कर महाराष्ट्र लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि क्रूजर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें बैठे लोग अंदर फंस गए।

 

तीन गाड़ियों में सवार थे 36 रिश्तेदार

 

बताया जा रहा है कि महाराष्ट्र के धुले जिले का एक परिवार धार्मिक यात्रा पर निकला था। परिवार के कुल 36 सदस्य तीन अलग-अलग गाड़ियों में सवार थे। उन्होंने ओंकारेश्वर, उज्जैन, सांवरिया सेठ, अजमेर और पुष्कर सहित कई धार्मिक स्थलों के दर्शन किए। इस बाद शनिवार को खाटूश्यामजी के दर्शन कर सभी महाराष्ट्र लौट रहे थे।

 

हादसे का शिकार हुई क्रूजर सबसे आगे चल रही थी। उसमें एक ही परिवार के 16 सदस्य सवार थे।

 

9 लोगों की मौत, 8 घायल

 

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। हादसे में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घायलों को कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

 

चालक को झपकी आने की आशंका

 

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि क्रूजर चालक को नींद की झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

इस हादसे के बाद महाराष्ट्र के धुले जिले में रहने वाले परिवार और उनके परिचितों में शोक का माहौल है। खाटूश्यामजी के दर्शन कर घर लौट रहे परिवार की यात्रा एक दर्दनाक हादसे में बदल गई।

 

स्रोत: मीडिया रिपोर्ट्स और पुलिस की प्रारंभिक जानकारी।

Weather

🌦️ आज का मौसम

लोकेशन पता की जा रही है...

--°C

---

सबसे ज्यादा पढ़ी गई
और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें