राजस्थान में लोकसभा सीटें 25 से बढ़कर 38 होने का प्रस्ताव, महिला आरक्षण को भी मिलेगी नई राह
नई दिल्ली। देश की संसदीय व्यवस्था में बड़े बदलाव की तैयारी के बीच केंद्र सरकार ने परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्तावों को मंजूरी दे दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में इस संबंध में महत्वपूर्ण विधेयकों को हरी झंडी दी गई।
प्रस्ताव के अनुसार, परिसीमन के बाद देश के सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में लोकसभा सीटों की संख्या मौजूदा संख्या से 50 प्रतिशत तक बढ़ाई जाएगी। इसके चलते लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 तक पहुंचाने का प्रावधान किया गया है।
राजस्थान में बढ़ सकती हैं 13 लोकसभा सीटें
इस प्रस्ताव का असर राजस्थान पर भी देखने को मिल सकता है। वर्तमान में प्रदेश में लोकसभा की 25 सीटें हैं। 50 प्रतिशत वृद्धि के प्रस्ताव के अनुसार राजस्थान में सीटों की संख्या बढ़कर करीब 38 हो सकती है। हालांकि, अंतिम संख्या और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं परिसीमन प्रक्रिया के बाद तय होंगी।
विधानसभा सीटों में भी होगा इजाफा
लोकसभा के साथ-साथ राज्यों की विधानसभा सीटों में भी 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रस्ताव है। इससे देशभर में सांसदों और विधायकों की संख्या बढ़ सकती है। लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 और विधानसभा सदस्यों की अधिकतम सीमा 650 करने का प्रस्ताव रखा गया है।
महिलाओं को मिलेगा 33 प्रतिशत आरक्षण
इस पूरी प्रक्रिया का एक प्रमुख उद्देश्य लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की व्यवस्था को लागू करना है। प्रस्ताव के तहत परिसीमन प्रक्रिया पूरी होने के बाद महिला आरक्षण लागू करने का रास्ता तैयार किया जाएगा। सरकार का लक्ष्य इसे 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले लागू करना है।
क्या होता है परिसीमन?
परिसीमन का मतलब लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों की सीमाओं का नए सिरे से निर्धारण करना है। इसके तहत निर्वाचन क्षेत्रों की संख्या और उनकी भौगोलिक सीमाओं में बदलाव किया जाता है, जिससे प्रतिनिधित्व की व्यवस्था को नए सिरे से व्यवस्थित किया जा सके।
संसद की मंजूरी के बाद आगे बढ़ेगी प्रक्रिया
कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद अब संबंधित विधेयकों को संसद में पेश किया जाएगा। संविधान संशोधन के लिए संसद में विशेष बहुमत सहित आवश्यक संवैधानिक प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके बाद परिसीमन आयोग के माध्यम से निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्निर्धारण का काम आगे बढ़ेगा।
फिलहाल राजस्थान की 25 लोकसभा सीटें यथावत हैं। प्रस्ताव को संसद की मंजूरी और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही नई सीटों की व्यवस्था लागू हो सकेगी।








