हरियाणा में बेकाबू ट्रक का तांडव, चार लोगों की दर्दनाक मौत
हादसा मंगलवार सुबह हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद-नरसींगगढ़ हाईवे पर हुआ, जहाँ एक बेकाबू ट्रक ने मौत का तांडव मचाते हुए पहले बाइक, फिर बस और उसके बाद सामने से आ रही कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयंकर थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें बैठे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। कुल चार लोगों की जान चली गई, जबकि कई घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक तेज रफ्तार में आ रहा था और अचानक चालक ने नियंत्रण खो दिया। सबसे पहले उसने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मारी, जो गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। इसके तुरंत बाद ट्रक आगे बढ़ा और एक प्राइवेट बस से भिड़ गया। बस के यात्री चीखते हुए बाहर निकले। कुछ मीटर आगे ही सामने से आ रही कार को रौंद दिया गया, जिससे कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई।
सूचना मिलते ही शाहाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुँची और घायलों को सरकारी अस्पताल और कुछ को रेफर कर पंचकूला GMCH भेजा गया। मृतकों की पहचान कार सवार 38 वर्षीय रोहित मल्होत्रा और 35 वर्षीय अनिल कुमार के रूप में हुई। बाइक सवार युवकों की मृत्यु इलाज के दौरान हो गई।
पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। चालक घटनास्थल से फरार हो गया, जिसकी तलाश के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं। प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को आवश्यक मदद उपलब्ध कराने की बात कही है।
Author: Umesh Kumar
welcome to Jhalko Bagdi



