फतेहाबाद में 6 बच्चों के पिता की संदिग्ध मौत, शव रखकर परिजनों का धरना

SHARE:

फतेहाबाद में 6 बच्चों के पिता की संदिग्ध मौत, शव रखकर लघु सचिवालय के बाहर परिजनों का धरना

फतेहाबाद: हरियाणा के फतेहाबाद से एक दुखद मामला सामने आया है। गांव भूथन कलां निवासी ट्रक चालक दलबीर सिंह की उत्तराखंड के काशीपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि गाड़ी के लोन से जुड़ी कथित धोखाधड़ी और पुलिस प्रशासन की ओर से सुनवाई नहीं होने के कारण वह लंबे समय से परेशान था। घटना के बाद परिजन मृतक का शव लेकर फतेहाबाद पहुंचे और लघु सचिवालय के बाहर धरना शुरू कर दिया।

छह बच्चों के पिता थे दलबीर सिंह

जानकारी के अनुसार, मृतक दलबीर सिंह के परिवार में पांच बेटियां और एक बेटा है। वह ट्रक चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। परिजनों ने बताया कि दलबीर पिछले कई दिनों से गाड़ी के लोन से संबंधित विवाद को लेकर परेशान चल रहे थे।

बताया जा रहा है कि करीब पांच-छह दिन पहले भी दलबीर ने अपने छह बच्चों के साथ फतेहाबाद लघु सचिवालय के बाहर धरना दिया था। उस दौरान उनकी पुलिस अधीक्षक से मुलाकात हुई थी। मामला हिसार से संबंधित होने के कारण शिकायत हिसार पुलिस को भेज दी गई थी। हालांकि, परिवार का आरोप है कि इसके बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

काशीपुर में हुई ट्रक चालक की मौत

मृतक के छोटे भाई हंसराज के मुताबिक, दलबीर तीन दिन पहले ट्रक में माल लेकर उत्तराखंड के काशीपुर गए थे। इसी दौरान वहां उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि उन्होंने जहरीला पदार्थ खाया था। स्थानीय ट्रांसपोर्टर ने फोन करके परिवार को घटना की जानकारी दी।

सूचना मिले। के बाद परिजन काशीपुर पहुंचे और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करवाई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार है। इसके बाद परिवार शव लेकर फतेहाबाद पहुंचा और न्याय की मांग को लेकर धरने पर बैठ गया।

गाड़ी के लोन में धोखाधड़ी का लगाया आरोप

परिजनों के अनुसार, दलबीर ने अपनी वर्ष 2019 मॉडल की गाड़ी पर फाइनेंस करवाया था। शिकायत पत्र में आरोप लगाया गया है कि हिसार निवासी राजेश कुमार और गांव भूथन खुर्द निवासी संजय ने कथित तौर पर मिलीभगत करके गाड़ी पर गलत तरीके से लोन करवा दिया था।

इस संबंध में दलबीर ने 12 नवंबर 2026 को पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायत में हिंदुजा फाइनेंस से जुड़े लोन और कथित अनियमितताओं का उल्लेख किया गया था।

पंचायती समझौते के बाद भी नहीं सुलझा विवाद

परिवार का कहना है कि पहले हिसार पुलिस के पास शिकायत पहुंचने के बाद 23 अप्रैल 2026 को दोनों पक्षों के बीच पंचायती समझौता हुआ था। आरोप है कि समझौते में फाइनेंस कंपनी के मैनेजर राजेश कुमार ने 11 मई 2026 तक गाड़ी की शेष नौ किस्तें जमा करवाकर लोन समाप्त कराने की बात लिखित रूप में कही थी।

हालांकि, परिजनों के मुताबिक तय समय बीतने के बाद भी लोन क्लियर नहीं हुआ। मृतक के भाई ने दावा किया है कि उनके पास बैंक स्टेटमेंट और भुगतान से जुड़े दस्तावेज मौजूद हैं।

आरोपियों पर कार्रवाई की मांग, मौके पर पुलिस तैनात

परिजन पूरे मामले में धोखाधड़ी और दलबीर को कथित तौर पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोपों की निष्पक्ष जांच चाहते हैं। उनकी मांग है कि संबंधित लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर उचित कार्रवाई की जाए और परिवार को न्याय मिले।

लघु सचिवालय के बाहर शव रखकर धरना दिए जाने के बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। फिलहाल मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

 

नोट: मामले में लगाए गए आरोप परिजनों की शिकायत और बयानों पर आधारित हैं। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और पुलिस जांच के निष्कर्ष सामने आना बाकी है।

Weather

🌦️ आज का मौसम

लोकेशन पता की जा रही है...

--°C

---

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

राज्य

शहर चुनें