रावतसर में पूर्व विधायक अभिषेक मटोरिया के आवास परिसर में खूनी संघर्ष, आधा दर्जन से अधिक घायल
तेज रफ्तार बाइक चलाने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंचा, पांच घायलों को जिला अस्पताल किया रेफर
हनुमानगढ़। रावतसर में भाजपा के पूर्व विधायक अभिषेक मटोरिया के आवास परिसर में दो पक्षों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। विवाद में दोनों पक्षों के आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। इनमें से पांच घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, पूर्व विधायक के आवास पर काम करने वाले एक युवक को तेज रफ्तार से बाइक चलाने पर टोकने के बाद विवाद शुरू हुआ। बताया जा रहा है कि इस बात को लेकर उलाहना देने पूर्व विधायक के आवास पहुंचे लोगों पर युवक के परिजनों ने हमला कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई।
मारपीट में एक पक्ष के 5 से 7 लोग तथा दूसरे पक्ष के एक-दो लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद पांच लोगों को जिला अस्पताल रेफर किए जाने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस द्वारा घटना में शामिल कुछ लोगों को राउंडअप किए जाने की सूचना भी सामने आई है। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक आरोपियों और घटना के पूरे घटनाक्रम को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों और घटना में घायल हुए लोगों के संबंध में पुलिस की जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।
नोट: खबर में शामिल आरोप संबंधित पक्षों से मिली प्रारंभिक जानकारी पर आधारित हैं। पुलिस की आधिकारिक पुष्टि के बाद तथ्यों में बदलाव संभव है।








