राजस्थान पंचायत चुनाव 2026: आयोग की तैयारियां तेज, 15 अगस्त तक होंगे तबादले, चार चरणों में होगा मतदान
जयपुर। राजस्थान में पंचायत चुनाव की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए चुनावी ड्यूटी से जुड़े प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के स्थानांतरण के निर्देश जारी कर दिए हैं। आयोग के अनुसार 15 अगस्त 2026 तक सभी संबंधित तबादले पूरे किए जाएंगे।
आयोग के आदेश के मुताबिक गृह जिले में कोई भी चुनाव से जुड़ा प्रशासनिक या पुलिस अधिकारी तैनात नहीं रहेगा। वहीं 30 नवंबर 2026 को कट-ऑफ डेट मानते हुए एक ही जिले में तीन वर्ष या उससे अधिक समय से कार्यरत अधिकारियों का स्थानांतरण किया जाएगा। यह आदेश जयपुर और जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट पर भी लागू होगा। कलेक्टर, एडीएम, एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, थानाधिकारी, उप निरीक्षक, आबकारी निरीक्षक सहित कई अधिकारी इसके दायरे में आएंगे। 15 अगस्त के बाद सामान्य तबादलों पर रोक रहेगी और चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के बाद आयोग की अनुमति के बिना चुनाव ड्यूटी में लगे अधिकारियों का तबादला नहीं किया जा सकेगा।
इधर, राज्य सरकार ने राजस्थान हाईकोर्ट के समक्ष पंचायत चुनाव का कार्यक्रम प्रस्तुत किया है। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार सरपंच चुनाव चार चरणों में 14, 24 और 30 अक्टूबर तथा 4 नवंबर 2026 को कराए जाएंगे। मतदान का समय सुबह 7:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक रहेगा। पूरी चुनाव प्रक्रिया 15 नवंबर 2026 तक पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। हालांकि अंतिम चुनाव कार्यक्रम और अधिसूचना राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी की जाएगी।
राज्य निर्वाचन आयोग का कहना है कि इन तैयारियों का उद्देश्य पूरे प्रदेश में स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी पंचायत चुनाव कराना है।








