कलेक्टर के आदेश की अवहेलना: नोहर के 7 स्कूल खुले, शिक्षा विभाग ने 24 घंटे में मांगा जवाब
नोहर, हनुमानगढ़ | जिले में लगातार हो रही भारी बारिश और बाढ़ जैसे हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने 23 जुलाई 2026 को सभी सरकारी, गैर-सरकारी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया था। इसके बावजूद नोहर कस्बे के सात निजी एवं गैर-सरकारी शिक्षण संस्थानों में नियमित रूप से कक्षाएं संचालित किए जाने का मामला सामने आया है।
मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, नोहर द्वारा जारी के अनुसार आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के तहत घोषित अवकाश आदेश की अवहेलना करते हुए स्वामी विवेकानन्द माध्यमिक विद्यालय, एम.डी. पब्लिक स्कूल, राजस्थान बाल निकेतन, टेस्ला पब्लिक स्कूल, गीतांजलि शिक्षण संस्थान, अभिनव एकेडमी और मदरसा दारूल उलूम मुहम्मदिया में विद्यार्थियों की उपस्थिति के साथ स्कूल संचालित किए गए।
शिक्षा विभाग ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए संबंधित सभी संस्थानों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस में 24 घंटे के भीतर लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही 23 जुलाई के विद्यालय परिसर के सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध कराने को कहा गया है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया तो मामले की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजकर नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की सिफारिश की जाएगी।
इधर, स्थानीय अभिभावकों ने भी इस मामले पर नाराजगी व्यक्त की है। उनका कहना है कि जब जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अवकाश घोषित किया था, तब स्कूलों द्वारा बच्चों को बुलाना गैर-जिम्मेदाराना कदम है।
प्रशासन का आदेश क्या था?
हनुमानगढ़ जिला कलेक्टर ने 23 जुलाई 2026 को अत्यधिक वर्षा और संभावित जलभराव की स्थिति को देखते हुए जिले के सभी सरकारी, निजी विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया था, ताकि विद्यार्थियों और स्टाफ की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।








