Rajasthan Panchayat Election 2026: एक पंचायत में सरपंच पद के लिए 43 उम्मीदवार मैदान में, 3 अतिरिक्त चुनाव चिन्ह जारी
सवाई माधोपुर: राजस्थान में पंचायत राज चुनाव 2026 के बीच सवाई माधोपुर जिले की सूरवाल ग्राम पंचायत सुर्खियों में है। यहां सरपंच पद के लिए 43 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। उम्मीदवारों की संख्या निर्धारित चुनाव चिन्हों से अधिक होने के कारण निर्वाचन आयोग को तीन अतिरिक्त चुनाव चिन्ह आवंटित करने पड़े।
मिली जानकारी के अनुसार, सूरवाल ग्राम पंचायत में करीब 6,566 मतदाता हैं। यहां सरपंच पद के लिए कुल 55 अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिल किया था। नामांकन पत्रों की संवीक्षा और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 43 प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए।
निर्वाचन आयोग की ओर से सरपंच पद के लिए अधिकतम 40 चुनाव चिन्ह निर्धारित किए गए हैं। लेकिन सूरवाल ग्राम पंचायत में 43 उम्मीदवार होने के कारण तीन प्रत्याशियों के लिए राज्य निर्वाचन आयोग से विशेष अनुमति लेनी पड़ी। अनुमति मिलने के बाद तीन अतिरिक्त चुनाव चिन्ह आवंटित किए गए।
मतदान के लिए लगाए गए अतिरिक्त कर्मचारी
प्रत्याशियों की अधिक संख्या को देखते हुए मतदान प्रक्रिया के सुचारू संचालन के लिए अतिरिक्त मतदान कार्मिक भी तैनात किए गए हैं। इतनी बड़ी संख्या में उम्मीदवार होने के कारण इस ग्राम पंचायत का चुनाव जिले में चर्चा का विषय बन गया है।
अब सूरवाल ग्राम पंचायत में सरपंच पद का चुनाव दिलचस्प हो गया है। सभी की नजरें चुनाव परिणाम पर रहेंगी कि 43 प्रत्याशियों में से किसे मतदाता अपना सरपंच चुनते हैं।








